CM सम्राट से मिले सुनील शेट्टी, बोले- UP-बिहार से फिल्में हिट होती हैं, जल्द होगी 50-60 दिन की शूटिंग
पटना: बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लोक सेवक आवास में मुलाकात की। इस दौरान कला, सिनेमा और बिहार में फिल्म निर्माण को लेकर दोनों के बीच चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में सुनील शेट्टी ने कहा कि बिहार बेहद खूबसूरत है और यहां फिल्मों की शूटिंग के लिए काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और कहा कि सीएम सम्राट बहुत ही पॉजिटिव हैं।

सुनील शेट्टी ने बताया कि बिहार में अक्टूबर से फिल्म की शूटिंग शुरू होने की संभावना है और शूटिंग करीब 50 से 60 दिनों तक चल सकती है।
उन्होंने कहा कि UP-बिहार से फिल्में हिट होती हैं, ऐसे में इस क्षेत्र में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देना जरूरी है।
जब पत्रकारों ने फिल्म और शूटिंग से जुड़ी अन्य जानकारी जानने की कोशिश की तो सुनील शेट्टी ने मुस्कुराते हुए कहा कि “कुछ सरप्राइज रहने दीजिए।” उनके इस जवाब ने बिहार में होने वाली आगामी फिल्म शूटिंग को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी।
सुनील शेट्टी की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से हुई इस मुलाकात को बिहार में फिल्म उद्योग और शूटिंग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में फिल्म की शूटिंग और प्रोजेक्ट से जुड़ी और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

