उत्तर प्रदेशराजनैतिक

लखनऊ में अखिलेश यादव ने लॉन्च की समाजवादी छात्रसभा की नई यूनिफॉर्म, बताया नीले रंग का संदेश

सपा छात्रसभा अब प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में चलाएगी छात्र जागरूकता अभियान; विद्यार्थियों के सुझावों को चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने की बात

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में समाजवादी छात्रसभा की नई यूनिफॉर्म लॉन्च की। नई ड्रेस में नीले रंग की टी-शर्ट और जींस शामिल है। टी-शर्ट पर समाजवादी छात्रसभा का लोगो भी लगाया गया है।

कार्यक्रम में समाजवादी छात्रसभा की राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्हें संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि छात्रसभा आगामी दो सप्ताह के लिए विशेष कार्यक्रम तैयार कर प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र जागरूकता अभियान चलाएगी। इस दौरान विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने के साथ ही समाजवादी विचारधारा और पीडीए आंदोलन की जानकारी दी जाएगी।

कॉलेजों में शिविर लगाकर छात्रों से होगा संपर्क

अखिलेश यादव ने बताया कि पीडीए वृक्षारोपण अभियान के बाद विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में संपर्क शिविर लगाए जाएंगे। छात्रसभा के पदाधिकारी पर्चे बांटेंगे और छात्र-छात्राओं से सुझाव पत्र भरवाएंगे।

इसके अतिरिक्त, वर्तमान राजनीति में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका विषय पर संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने की योजना भी बनाई गई है।

‘यूनिफॉर्म समानता का संदेश देती है’

नई यूनिफॉर्म के उद्देश्य पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि समानता का प्रतीक भी है। उनका कहना था कि एक जैसी ड्रेस से गैरबराबरी का भाव कम होता है और संगठन में एकरूपता दिखाई देती है।

उन्होंने छात्रसभा के पदाधिकारियों से नई सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कॉलेज एवं विश्वविद्यालय परिसरों में काम करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि संगठन के युवा समाजवादी विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे।

पीडीए को बताया प्रेम, दया और अपनापन

सपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में पीडीए का अर्थ प्रेम, दया और अपनापन भी बताया। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता जितने सौहार्दपूर्ण तरीके से लोगों के बीच काम करेंगे, उतनी ही मजबूती से नए विद्यार्थी और युवा छात्रसभा से जुड़ेंगे।

अखिलेश यादव के मुताबिक, समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है, जिसमें किसी के साथ भेदभाव या पक्षपात न हो। उन्होंने देश की ‘अनेकता में एकता’ की परंपरा का उल्लेख करते हुए समाजवादी छात्रसभा को समाज में भाईचारे और सौहार्द का संदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी दी।

छात्रों के सुझाव घोषणा पत्र में शामिल करने का दावा

अखिलेश यादव ने जेन-जी, अल्फा पीढ़ी और बदलती तकनीक का जिक्र करते हुए कहा कि रोजगार और कामकाज के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। जब छात्रसभा के पदाधिकारी कॉलेज परिसरों में जाएंगे तो उन्हें युवाओं के नए विचार और सुझाव मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से मिलने वाले महत्वपूर्ण सुझावों को समाजवादी पार्टी अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने पर विचार करेगी। पार्टी का लक्ष्य युवाओं की भागीदारी के साथ भविष्य के भारत की रूपरेखा तैयार करना है।

विदेशी विश्वविद्यालयों से जुड़ाव की कही बात

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छात्रसंघों के निर्वाचित पदाधिकारियों की एक समिति बनाई जाएगी। इस समिति के माध्यम से कैम्ब्रिज, ऑक्सफोर्ड और यूरोपीय संघ के प्रमुख विश्वविद्यालय परिसरों के अध्ययन एवं संपर्क की योजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य दुनिया के बेहतर विश्वविद्यालयों की व्यवस्थाओं को समझना और उत्तर प्रदेश में छात्रसंघों के भविष्य को लेकर नई कार्ययोजना बनाना होगा।

नीले रंग और जींस पर क्या बोले अखिलेश यादव?

अखिलेश यादव ने खुशी जताई कि छात्रसभा की नई ड्रेस के नीले रंग को लोकतंत्र, संविधान और विचारधारा से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीला रंग लंबे समय से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और बहुजन समाज की पहचान से जुड़ा रहा है।

उन्होंने जींस के नीले रंग को अन्याय के खिलाफ प्रतिरोध से जोड़ते हुए कहा कि जींस आज युवाओं के बीच सबसे अधिक प्रचलित पहनावा है। इसी कारण छात्रसभा की यूनिफॉर्म को आधुनिक और युवाओं के अनुकूल स्वरूप दिया गया है।

इस दौरान उन्होंने भाजपा की राजनीति और उसकी विचारधारा पर भी निशाना साधा। उन्होंने रंगों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर कई तीखी टिप्पणियां कीं।

कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थामा सपा का दामन

कार्यक्रम में गोरखपुर की सामाजिक कार्यकर्ता सुशीला चौहान, पूर्व पार्षद विराट चौहान, अंकुश निषाद, जिला पंचायत सदस्य कुलदीप निषाद और बीडीसी सदस्य प्रमोद चौहान अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए।

अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने सुशीला चौहान के परिवार के साथ अन्याय होने की बात कहते हुए कहा कि परिवार को अभी तक न्याय नहीं मिला है।

Nitesh Kumar

नितेश कुमार जर्नलिस्ट | एडिटर-इन-चीफ नितेश कुमार Mahatantra News Channel में Co-Founder एवं Editor-in-Chief के रूप में कार्यरत हैं। वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, शासन-प्रशासन, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखते हैं। राज्य स्तर पर राजनीतिक एवं सामाजिक घटनाक्रमों की रिपोर्टिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग और डिजिटल पत्रकारिता में भी सक्रिय हैं। नितेश कुमार ने पत्रकारिता के क्षेत्र में Times Group के Navbharat Times Online (NBT) के साथ भी पेशेवर अनुभव हासिल किया है। इसके अलावा वह डिजिटल मीडिया में समाचार लेखन, राजनीतिक घटनाक्रमों की कवरेज, ग्राउंड रिपोर्टिंग और समसामयिक मुद्दों पर कंटेंट तैयार करने का अनुभव रखते हैं। वर्तमान में Mahatantra News Channel के माध्यम से उत्तर प्रदेश समेत देशभर से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता में तथ्य, ग्राउंड रिपोर्टिंग और जनसरोकार को विशेष प्राथमिकता दी जाती है। विशेषज्ञता राजनीति और राजनीतिक विश्लेषण, अपराध एवं कानून-व्यवस्था, शासन-प्रशासन, शिक्षा एवं रोजगार, सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों तथा ग्राउंड रिपोर्टिंग से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने का अनुभव। राजनीतिक घटनाक्रमों और प्रशासनिक गतिविधियों पर खबरों के साथ-साथ समसामयिक विषयों पर विश्लेषणात्मक लेखन में भी रुचि। पत्रकारिता अनुभव डिजिटल मीडिया एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। उत्तर प्रदेश की राज्य स्तरीय राजनीति, प्रशासनिक गतिविधियों, अपराध, सामाजिक मुद्दों और जनसमस्याओं से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग एवं लेखन का अनुभव। शिक्षा नितेश कुमार ने AAFT University से पत्रकारिता एवं जनसंचार की शिक्षा प्राप्त की है। इसके साथ ही उन्होंने LL.B. (Bachelor of Laws) की पढ़ाई भी की है। पत्रकारिता और कानून की शिक्षा का यह संयोजन उन्हें कानून-व्यवस्था, प्रशासन, न्यायिक मामलों और सार्वजनिक नीतियों से जुड़े विषयों को समझने एवं रिपोर्ट करने में मदद करता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *