सिद्धार्थनगर: नेपाल की बाणगंगा नदी में बहे 10 वर्षीय बालक का शव सरयू कैनाल में मिला, परिजनों को सौंपा गया
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। नेपाल की बाणगंगा नदी में स्नान के दौरान तेज धारा में बहा 10 वर्षीय बालक का शव रविवार सुबह भारत सीमा क्षेत्र में सरयू कैनाल के सायफन में फंसा मिला। सूचना पर पहुंची शोहरतगढ़ पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। नेपाल पुलिस और परिजनों की मदद से शव की पहचान होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

मामला शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बगुलहवा गांव के पास का है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने सरयू कैनाल नहर के सायफन में एक नाबालिग का शव फंसा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त का प्रयास शुरू किया।

थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय ने नेपाल के मर्यादपुर पुलिस को इसकी सूचना दी। नेपाल से पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान रियाज लामा (10) पुत्र रन बहादुर लामा के रूप में की। वह नेपाल के जिला कपिलवस्तु अंतर्गत बाणगंगा क्षेत्र के वार्ड नंबर-8 का निवासी था।
परिजनों और नेपाल पुलिस के अनुसार, रियाज लामा शनिवार शाम अपने दो अन्य किशोर साथियों के साथ गांव के पास स्थित बाणगंगा नदी में स्नान कर रहा था। इसी बीच नदी में अचानक तेज बहाव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने से तीनों किशोर डूबने लगे।

स्थानीय लोगों और नेपाल पुलिस की रेस्क्यू टीम ने रीदम लामा (14) और सीजन थापा (16) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, लेकिन रियाज लामा तेज धारा में बह गया। शनिवार रात तक परिजन और नेपाल पुलिस नदी के आसपास उसकी तलाश करते रहे, हालांकि कोई पता नहीं चल सका।

रविवार सुबह शव शोहरतगढ़ क्षेत्र के बगुलहवा गांव के पास सरयू कैनाल के सायफन में मिला। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शिनाख्त और जरूरी लिखा-पढ़ी की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए परिजनों को सौंप दिया।

