Uncategorizedविभागीय कर्मकांड

कांवड़ यात्रा और चहल्लुम को लेकर पुलिस हाई अलर्ट, शोहरतगढ़ में ASP प्रशांत कुमार प्रसाद ने किया फ्लैग मार्च

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा और चहल्लुम पर्व को लेकर सिद्धार्थनगर पुलिस हाई अलर्ट पर है। दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने थाना शोहरतगढ़ के प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ नगर पंचायत के नीबी दोहनी क्षेत्र में पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि कांवड़ यात्रा और चहल्लुम पर्व के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा यात्रा मार्ग और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन की ओर से थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिकों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने के साथ प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

फ्लैग मार्च के दौरान प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव, प्रभाकर यादव, सतीश कुमार सिंह, दयानन्द यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *