धर्म और समाजसेवा की अनूठी पहल, शोहरतगढ़ में मंदिर के साथ बनेगा वृद्धाश्रम और आधुनिक गोशाला
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। नगर क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जय हनुमान जय शनिदेव पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से श्री हनुमान जी एवं श्री शनिदेव जी मंदिर के जीर्णोद्धार के साथ वृद्धाश्रम और आधुनिक गोशाला का निर्माण कराने की योजना बनाई गई है। ट्रस्ट ने परियोजना को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किए जाने का प्रस्ताव है।

ट्रस्ट के अध्यक्ष फूलचंद गुप्ता ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार के साथ वृद्धाश्रम एवं आधुनिक गोशाला का निर्माण क्षेत्रवासियों के सहयोग से कराया जाएगा। इस पुनीत कार्य में खेतान परिवार का भी विशेष सहयोग रहेगा। वरिष्ठ व्यवसायी संजय कुमार खेतान एवं सेठ रामकुमार खेतान बालिका इंटर कॉलेज, शोहरतगढ़ के प्रबंधक के सहयोग से निर्माण कार्य को गति देने की तैयारी की जा रही है
।अध्यक्ष ने कहा कि यह प्रकल्प धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सेवा से भी जुड़ा है। वृद्धजनों के लिए आश्रय तथा गोसेवा के उद्देश्य से आधुनिक गोशाला का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।ट्रस्ट ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार जनसहयोग देने की अपील की है।

इच्छुक सहयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए ट्रस्ट की ओर से बैंक खाते का विवरण भी साझा किया गया है, जिससे सहयोग राशि सीधे खाते में भेजी जा सके।ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सामूहिक जनसहयोग से मंदिर जीर्णोद्धार, वृद्धाश्रम और आधुनिक गोशाला का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जा सकेगा।बताया गया कि चांदापार उर्फ शोहरतगढ़ स्थित गाटा संख्या-2 मि. की भूमि जय हनुमान जय शनिदेव मंदिर के नाम दर्ज है।

ट्रस्ट में अध्यक्ष फूलचंद गुप्ता के अलावा श्याम सुंदर गुप्ता, पुष्पा गुप्ता, रामजी, प्रकाश चंद आर्य, विक्रम, विजय प्रकाश और हरिहर प्रकाश मिश्रा ट्रस्टी के रूप में शामिल हैं।

