विधानसभा कपिलवस्तु में मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए विशेष कैंप, दर्जनों बूथों पर BLO रहे मौजूद
सिद्धार्थनगर : कपिलवस्तु
विधानसभा क्षेत्र 303 कपिलवस्तु में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत विशेष अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों और मतदेय स्थलों पर कैंप लगाकर नए मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने तथा छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

कैंप में बूथ लेवल अधिकारी (BLO), सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के लिए यह मतदाता बनने का विशेष अवसर है।निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत पात्र नागरिक संबंधित बूथ पर पहुंचकर फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।

इस संबंध में उप जिलाधिकारी नौगढ़ ने युवाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बूथ पर पहुंचें और बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें। इसके लिए पहचान पत्र और आधार कार्ड साथ लाने की सलाह दी गई है। फॉर्म-6 निःशुल्क उपलब्ध है।

अपील: यदि आपकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, तो 24 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप में पहुंचकर आवेदन करें और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

