शोहरतगढ़ में नवरात्रि और दुर्गा पूजा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
शोहरतगढ़ / सिद्धार्थनगर।नवरात्रि, दुर्गा पूजा और शस्त्र पूजन को लेकर शोहरतगढ़ थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा समितियों, डीजे संचालकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।

एएसपी ने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, प्रतिमा की सुरक्षा, विसर्जन कमेटी, विसर्जन मार्ग की सफाई और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।एसडीएम रवीश कुमार गुप्ता ने बिजली व्यवस्था, रूट डायवर्जन और डीजे संचालन को लेकर सावधानी बरतने को कहा। निर्धारित मानक से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

वहीं, सीओ मयंक द्विवेदी ने साफ कहा कि त्योहार परंपरा के अनुसार ही मनाया जाएगा, कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी। पंडालों में आग से बचाव के लिए पानी और बालू की व्यवस्था रखने तथा बिजली के नंगे तारों से बचने के निर्देश दिए गए।

सीओ ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर पुलिस की नजर है और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक का संचालन इंस्पेक्टर शेषमणि पाण्डेय ने किया।

